CM योगी ने रचा इतिहास, यूपी में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का बनाया रिकॉर्ड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक नया ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने वाले पहले नेता बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। योगी आदित्यनाथ ने 8 साल, 4 महीने और 10 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है, जबकि पंडित पंत का कुल कार्यकाल (स्वतंत्रता से पूर्व सहित) 8 साल और 127 दिन का था।

लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री

योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 2022 के विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्ण बहुमत हासिल किया। इसके बाद योगी दूसरी बार लगातार मुख्यमंत्री बने। वे उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पूर्ण कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा लगातार यह पद संभाला है।

गोरखनाथ मठ से सियासत तक का सफर

उत्तर प्रदेश के 22वें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले वे गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मठ के महंत थे। वर्ष 1998 में मात्र 26 वर्ष की आयु में उन्होंने गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया और देश के सबसे युवा सांसदों में शुमार हुए। योगी ने गोरखपुर से लगातार पांच बार लोकसभा चुनाव जीता।

2017 में शुरू हुआ मुख्यमंत्री का कार्यकाल

2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सबसे प्रमुख चेहरों में शामिल योगी आदित्यनाथ के कुशल प्रचार और नेतृत्व ने पार्टी को पूर्ण बहुमत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके परिणामस्वरूप 19 मार्च 2017 को उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने 2022 के चुनावों में भी शानदार जीत हासिल की।

अगला विधानसभा चुनाव 2027 में

उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होगा। पिछला विधानसभा चुनाव मार्च 2022 में हुआ था, और वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 को समाप्त होगा। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी एक बार फिर मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। योगी आदित्यनाथ का यह रिकॉर्ड न केवल उनके व्यक्तिगत नेतृत्व की मजबूती को दर्शाता है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनके गहरे प्रभाव को भी रेखांकित करता है।

यह भी पढ़ें – धर्म परिवर्तन का मामला, सलमान शेख पर हिंदू युवक की पत्नी, साली और बेटी को भगाने का आरोप

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *