मुंबई: बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पति से शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करना और उस पर विवाहेतर संबंध का संदेह करना क्रूरता के समान है, जो तलाक का वैध आधार है। जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस नीला गोखले की खंडपीठ ने गुरुवार को एक महिला की याचिका खारिज कर दी, जिसमें उसने पुणे की पारिवारिक अदालत के 2015 के तलाक आदेश को चुनौती दी थी। कोर्ट ने यह भी माना कि महिला का आचरण उसके पति के प्रति क्रूरता का कारण बना।
क्या है मामला ?
मामले के अनुसार, दंपति की शादी 2013 में हुई थी, लेकिन दिसंबर 2014 में दोनों अलग हो गए। 2015 में पति ने पुणे की पारिवारिक अदालत में क्रूरता के आधार पर तलाक की याचिका दायर की, जिसे स्वीकार कर लिया गया। पति ने दावा किया कि पत्नी ने न केवल शारीरिक संबंध से इनकार किया, बल्कि उस पर विवाहेतर संबंधों का आरोप लगाया, उसे दोस्तों और कर्मचारियों के सामने अपमानित किया, और उसकी विशेष रूप से अक्षम बहन के प्रति उदासीन और अपमानजनक व्यवहार किया। कोर्ट ने माना कि ये सभी कार्य पति और उसके परिवार के लिए मानसिक कष्ट का कारण बने।
महिला ने अपनी याचिका में दावा किया कि उसे ससुराल वालों ने परेशान किया, लेकिन वह अपने पति से प्यार करती है और शादी को बचाना चाहती है। उसने पति से 1 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने की मांग भी की। हालांकि, हाई कोर्ट ने उसके दावों में कोई आधार नहीं पाया और कहा कि दोनों पक्ष पिछले एक दशक से अलग रह रहे हैं, जिससे शादी पूरी तरह टूट चुकी है और इसे बचाने की कोई संभावना नहीं है।
कोर्ट का फैसला
जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और नीला गोखले की खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा, “पति के कर्मचारियों के साथ महिला का व्यवहार निश्चित रूप से उसे कष्ट देता है। दोस्तों के सामने अपमान करना भी क्रूरता है।” कोर्ट ने यह भी नोट किया कि पति की विशेष रूप से अक्षम बहन के प्रति महिला का उदासीन और ठंडा व्यवहार पति और उसके परिवार के लिए दुखदायी था। कोर्ट ने निष्कर्ष निकाला कि महिला का आचरण क्रूरता की श्रेणी में आता है, जो हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13(1)(i-a) के तहत तलाक का आधार है।
कोर्ट ने यह भी कहा कि दंपति के बीच वैवाहिक रिश्ता पूरी तरह खत्म हो चुका है, और इसे पुनर्जनन की कोई संभावना नहीं है। इसलिए, पारिवारिक अदालत के तलाक आदेश को बरकरार रखा गया और महिला की 1 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता की मांग को भी खारिज कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- छात्राओं के कपड़े उतरवाकर पीरियड्स की जांच, प्रिंसिपल गिरफ्तार: ठाणे स्कूल में शर्मनाक घटना
