बेंगलुरु: चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर RCB की पहली IPL जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद बेंगलुरु पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने RCB के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। निखिल को शुक्रवार सुबह 6:30 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह मुंबई भागने की फिराक में था।
चार गिरफ्तार, KSCA अधिकारी फरार
निखिल के अलावा इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के तीन कर्मचारी- सुनील मैथ्यू (उपाध्यक्ष), किरण और सुमंत को भी हिरासत में लिया गया है। ये लोग RCB की विजय परेड के आयोजक थे। वहीं, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम फरार हैं। पुलिस ने उनके घरों पर छापेमारी की, लेकिन वे नहीं मिले।
भगदड़ और प्रशासनिक चूक
4 जून को RCB की जीत के जश्न में लाखों प्रशंसक स्टेडियम के बाहर जमा हुए थे। स्टेडियम की क्षमता 35,000 थी, लेकिन 2-3 लाख लोग पहुंच गए। RCB ने बिना अनुमति सोशल मीडिया पर परेड की घोषणा की, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। भगदड़ में 11 लोगों की मौत और 60 से ज्यादा घायल हो गए। सभी घायलों की हालत अब स्थिर है।
Also Read: जमाल सिद्दीकी का विवादित बयान: ‘जो राम-कृष्ण को नहीं मानता, वह सच्चा मुसलमान नहीं’