सिद्धार्थनगर
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा नई दिल्ली के निर्देशन में एवं नालसा आशा जागरूकता समर्थन सहायता एवं कार्यवाही योजना के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर तथा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त सहयोग से पैरालीगल स्वयंसेवकों PLVS हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर श्री शैलेन्द्र नाथ द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पैरालीगल स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल संरक्षण के क्षेत्र में PLVs की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य तभी साकार हो सकता है जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध संगठित प्रयास करे। उन्होंने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आशा योजना के अंतर्गत समुदाय स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए स्वयंसेवकों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण सत्र में चीफ डिफेंस काउंसिल श्री अश्वनी मिश्रा ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों दंडात्मक धाराओं एवं रिपोर्टिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। वहीं महिला कल्याण विभाग से सविता एवं अपर्णा विश्वास ने विभाग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी साझा की।
मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधि श्री प्रसून शुक्ल ने बाल विवाह के विरुद्ध अभियान में रिपोर्टिंग प्रक्रिया, बाल संरक्षण से जुड़े हितधारकों तथा जन जागरूकता गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों विशेषकर बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना रहा।
प्रतिभागियों को बताया गया कि बाल विवाह न केवल एक दंडनीय अपराध है बल्कि यह बच्चों के शारीरिक मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। प्रशिक्षण के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अर्जुन झा मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से रोहित दुबे विजयशंकर हृदय सिंह मनीष ज्योति रूपा सहित पैरालीगल स्वयंसेवक प्रदीप कुमार रेहाना खातून मनीषा प्रियंका एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
📍 रिपोर्टर अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
