काटजू अस्पताल के इतिहास में पहली बार एक साथ चार बच्चों की डिलीवरी, डॉक्टर्स की टीम जुटी इलाज में
भोपाल, मध्य प्रदेश। राजधानी के काटजू अस्पताल में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सभी को चौंका दिया। यह अस्पताल के इतिहास में पहली बार हुआ है जब किसी महिला की एक साथ चार बच्चों की डिलीवरी हुई हो।
डॉक्टरों के अनुसार, महिला की डिलीवरी गर्भावस्था के सातवें महीने में ही करानी पड़ी, क्योंकि उसे समय से पहले लेबर पेन शुरू हो गया था। आपात स्थिति में महिला का सिजेरियन ऑपरेशन कर डिलीवरी करवाई गई।
दो नवजात स्वस्थ, दो की हालत गंभीर
जन्म के समय चारों बच्चों का वजन सामान्य से कम था। इनमें से दो बच्चों की हालत स्थिर है जबकि दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों गंभीर नवजातों को अस्पताल के वार्मर में रखा गया है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
आईसीयू में इलाज, हर घंटे रिपोर्ट तैयार
चारों बच्चों को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। मेडिकल टीम बच्चों की सेहत पर हर घंटे नजर रख रही है और रिपोर्ट सीनियर डॉक्टरों को भेजी जा रही है।
यह भी पढ़ेंः इंसानों ने बुझाई चीतों की प्यास: श्योपुर MP में ग्रामीणों की अनोखी बहादुरी।
अगले कुछ घंटे बेहद अहम
डॉक्टरों का कहना है कि आने वाले कुछ घंटे बच्चों की सेहत के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। टीम का लक्ष्य सभी नवजातों को सुरक्षित रखना है और पूरी कोशिश की जा रही है कि सभी स्वस्थ होकर घर जा सकें।
यह मामला न केवल अस्पताल के लिए ऐतिहासिक है, बल्कि मेडिकल टीम के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है।