जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित

महराजगंज। भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की।

 

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना भारत सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस प्रकार निर्वाचन प्रक्रिया को गंभीरता और तत्परता से संपन्न कराया जाता है, उसी प्रकार जनगणना-2027 के कार्य को भी पूर्ण जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। समस्त प्रक्रियाएं सीएमएम पोर्टल के माध्यम से संपादित की जाएंगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सके।

जनगणना-2027 के लिए श. अंबिका मौर्य को जनपद महराजगंज का प्रभारी नामित किया गया है। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से जनगणना की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि चार्ज अधिकारी, प्रगणक एवं सुपरवाइजर को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

उन्होंने जानकारी दी कि 7 मई से 21 मई 2026 तक (15 दिवस) स्व-गणना की अवधि निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत नागरिक स्वयं अपनी आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इसके पश्चात 22 मई 2026 से प्रगणक एवं सुपरवाइजर द्वारा स्थलीय सत्यापन कर आंकड़ों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, अपर उप जिलाधिकारी विजय यादव, उपजिलाधिकारी फरेंदा एवं नौतनवा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *